तंत्र-मंत्र और भय का माहौल बनाकर 70 लाख की ठगी के आरोप में चार गिरफ्तार
बिजनौर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद बिजनौर के धामपुर थाना पुलिस ने तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर भय का माहौल बनाकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से एक लाख चार हजार रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौतम राय ने साेमवार काे पत्रकाराें काे बताया कि एक अक्टूबर को ग्राम मानला निवासी संदीप कुमार ने थाना धामपुर में तहरीर दी थी। आरोप है कि उसके परिचित मोनू चौधरी ने उसे एक कथित पहाड़ी पंडित से मिलवाया। उस व्यक्ति ने झाड़-फूंक एवं पूजा के नाम पर वादी और उसके परिवार को डराकर दारागंज, हरिद्वार एवं श्यामपुर कांगड़ी स्थित काली माता मंदिर आदि स्थानों पर ले जाकर भय व अंधविश्वास का वातावरण बनाया।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपिताें ने संदीप कुमार के मकान को 38 लाख रुपये में बिकवाने, पत्नी के जेवरात करीब 13 लाख रुपये के बिकवाने तथा करीब 5 लाख रुपये पूजा सामग्री में खर्च कराने के नाम पर रकम हड़प ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपिताें ने इसी तरह भय दिखाकर कुल करीब 70 लाख रुपये ऐंठ लिए और किसी को घटना के बारे में बताने पर काली माता के प्रकोप से मृत्यु होने की धमकी देते हुए 10 रुपये के स्टांप पर लिखवा लिया।
मामले में थाना धामपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस कार्रवाई के दौरान चार आरोपिताें पहाड़ी पंडित उर्फ संजय शर्मा, मोनू चौधरी उर्फ देशपाल, यश चौधरी तथा कोमल सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपिताें के कब्जे से एक लाख चार हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपिताें के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

