तीन महिलाओं समेत चार टप्पेबाज गिरफ्तार
लखनऊ, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना पुलिस ने मंगलवार को गैर प्रांतीय गैंग की तीन महिलाओं समेत चार टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। ये लोग फेरी लगाकर बुजुर्ग, महिलाओं को निशाना बनाकर उनसे टप्पेबाजी कर लेते हैं।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण अमित कुमार आनंद ने बताया कि इलाके में लगातार टप्पेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। कन्नौज की महिला ने 16 नवंबर को थाना में टप्पेबाजी का एक मुकदमा दर्ज कराया था। मामले को संज्ञान में लेकर छह पुलिस की टीमें गठित की गई। 600 से 700 सीसीटीवी कैमरे चेक करने के बाद पुलिस ने टप्पेबाज गिरोह की सरगना समेत चार लोगाें काे आसाराम बापू मार्ग मानसनगर से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों में गिरोह की सरगना नागपुर की रहनी शेषकला उसका पति दयालाल, पूजा और गौरी देवी उर्फ नमजा शामिल हैं। ये सभी लोग आम्रपाली अस्पताल के पास झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहती हैं। अभियुक्त शेषकला ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि ये सब एक ही परिवार हैं। दिन के समय फेरी वाले वेश में भीड़भाड़ वाले इलाके में घूमकर रेकी करते हैं। आभूषण पहनी महिलाओं और पुरुषों को चिन्हित कर निशाना बनाते हैं। वह लोगों से हमेशा घुल -मिलकर रहते हैं ताकि उन पर कोई शक न कर सके। वारदात के बाद आधार कार्ड पर पता बदलकर अपनी जगह बदल लेते हैं, जिससे उनको पकड़ पाना मुश्किल हो जाता है। मुख्य अभियुक्त शेषकला पर आठ से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

