हाथरस : सिकंदराराऊ में 2.25 करोड़ की मादक पदार्थ बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
हाथरस, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिकंदराराऊ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा जोन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने सिकंदराराऊ क्षेत्र में बिजलीघर नगला जलाल पुल के नीचे कासगंज की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चार लोगों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी में एक किलो 240 ग्राम हेरोइन, 98 ग्राम स्मैक और 2,910 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान वृंदावन निवासी सुदाराम उर्फ पुष्पेंद्र, वृंदावन गाैरव काॅलाेनी निवासी माेनू कुशवाह, लखीमपुर खीरी अमित कुमार शुक्ला उर्फ बालकदास, मथुरा जनपद के प्रीतम सिंह के रुप में हुई है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थों को कब्जे में लेकर आरोपिताें के खिलाफ थाना सिकंदराराऊ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपिताें से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
-----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

