home page

युवक की हत्या में फरार पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
युवक की हत्या में फरार पांच आरोपित गिरफ्तार


देवरिया, 12 अप्रैल (हि.स.) । उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद के सुरौली थाना क्षेत्र में बीते दिन एक युवक की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त सामान और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं।

थानाध्यक्ष अविनाश मौर्या ने बताया कि 28 मार्च को भटजमुआव के पास गेहूं के खेत में एक अज्ञात शव मिला था। उसकी पहचान उन्नाव जिले में औरास के चकबरेसर निवासी रवि प्रकाश के रूप में हुई। वह देवरिया के सोनूघाट स्थित एक फ्रूट सप्लायर कंपनी में कार्यरत था। इस मामले में मृतक के ससुर शिव बहादुर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई।

पुलिस ने तिवई बैदा मार्ग स्थित बिंदवलिया पुल के पास से पांच अभियुक्त करन भारती, धनंजय, पंकज भारती, अरुण कुमार और आकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि घटना के दिन मृतक ने उनसे लिफ्ट मांगी थी। रास्ते में किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर उन्होंने लाठी-डंडे से पीटकर और मोटरसाइकिल से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को खेत में फेंक दिया । पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक लाठी, कड़ा, अंगूठी समेत अन्य चीजें जब्त की गई हैं।

थानाध्यक्ष अविनाश मौर्या ने बताया कि पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक