home page

इन्श्यॉरेन्श पॉलिसी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिराेह का सरगना समेत पांच अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
इन्श्यॉरेन्श पॉलिसी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिराेह का सरगना समेत पांच अभियुक्त गिरफ्तार


फिरोजाबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में थाना दक्षिण पुलिस टीम ने रविवार काे इन्श्यॉरेन्श पॉलिसी के नाम पर आम जनता से साइबर ठगी करने वाले अन्तरजनपदीय गिरोह के सरगना समेत पांच शातिर अपराधियाें काे गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त फर्जी, म्यूल खातों से चेक व एटीएम से ठगी की रकम निकालते थे। गिरोह ने अब तक 50 से अधिक खातों के माध्यम से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि निकाली है।

सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि थाना दक्षिण में तैनात उपनिरीक्षक राजकुमार गौतम ने पुलिस टीम के साथ सूचना पर घेराबंदी पर कार सवार 05 व्यक्तियों काे पकड़ा। इनकी पहचान आगरा ओ अजीत प्रताप उर्फ बन्टू, सुरेश, महेन्द्र, राजू कुमार और हाथरस का ऐदल सिंह के रुप में हुई है। पुलिस ने कार की पिछली सीट पर रखे पारदर्शी प्लास्टिक बैग से मोबाइल फोन, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड आदि बरामद किए हैं, जिनके बारे में पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने ठगी की बात स्वीकार की है।

सीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तगण एक गिरोह के सदस्य हैं, जो आम जनता के लोगों से पॉलिसी के नाम पर साइबर ठगी करते थे। ठगी की रकम फर्जी, म्यूल बैंक खातों में मंगाई जाती थी और उसे चेक व एटीएम के माध्यम से निकाल लिया जाता था। गिरोह का सरगना अजीत प्रताप उर्फ बन्टू नए-नए लोगों को ढूंढकर उनके आधार और पेन कार्ड में नाम-पता बदलवाता था। आधार कार्ड में पता बदलकर ये लोग नए-नए शहरों में अपने ठिकाने बनाते थे और अलग-अलग जनपदों के विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। फर्जी फर्मों के नाम पर करेन्ट खाते खुलवाते, जिनका उपयोग साइबर ठगी की धनराशि निकालने में किया जाता था। राजू कुमार ने सुहाग नगर फिरोजाबाद में दुकान किराए पर लेकर श्री गणेश ट्रैवल्स एण्ड कार्गो नाम की फर्म बनाई और उसके नाम से कई बैंकों में करेन्ट खाते खुलवाकर ठगी की रकम निकाली। खातों से रकम निकालने वाले सदस्य अपना कमीशन काटकर शेष रकम अजीत को देते थे।

पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध कार्यवाही कर इन्हे जेल भेजा है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़