लखनऊ : युवक पर तमंचे से जानलेवा हमला करने वाले पांच अभियुक्त गिरफ्तार
लखनऊ, 04 नवंबर (हि.स.)। लखनऊ के बीकेटी थाना पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र में बीते दिनों फार्म हाउस के बाहर एक युवक पर तमंचे से जानलेवा हमला करने के मामले में 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 03 अवैध तमंचे एवं कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस उपायुक्त, उत्त्तरी अमित कुमार आनंद ने पत्रकारों को बताया कि एक नवंबर को ग्राम मानपुर लाला निवासी अनिल ने तहरीर देकर बताया था कि घटना की रात करीब आठ बजे वह अस्ती रोड स्थित अजित मौर्या के फार्म हाउस से अपने घर जा रहा था। फार्म हाउस के गेट से अपनी मोटरसाइकिल निकालते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे पानी पीने के लिए मांगा। इसी दौरान झाड़ियों से दो अन्य व्यक्ति निकलकर आए और तीनों ने तमंचे से उस पर हमला कर दिया। उसने एक व्यक्ति का तमंचा पकड़ने के प्रयास में तमंचा चल जाने से उसके हाथ एवं पेट में चोटें आईं। जान बचाने के लिए वादी मोटरसाइकिल छोड़कर फार्म हाउस के अंदर भाग गया। तीनों व्यक्तियों ने उसे जान से मारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
इस घटना के संबंध में थाना बीकेटी पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। छानबीन में मानपुर लाला गांव निवासी उत्तम सिंह, टिकारी गांव निवासी शुभम राजपूत, शिवम राजपूत, शिवम पाल और महिगवां निवासी अजय यादव के नाम प्रकाश में आये। बुधवार को पुलिस टीम ने मामपुर बाना अंडरपास के निकट सर्विस लेन से लगे प्लॉट में दबिश देकर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस की जांच में पता चला है कि 22 अक्टूबर को अनिल ने शराब के नशे में उत्तम एवं उसके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की थी। विरोध पर मारपीट की थी। इसके संबंध में पूर्व में मुकदमा दर्ज थे।
इसी रंजिश को लेकर अभियुक्त उत्तम सिंह व अन्य के द्वारा योजना बनाकर अपने साथियों शिवम पाल आदि से मिल कर सुपारी देकर वादी को जान से मार देने की नीयत से फायर किया। अभियुक्त उत्तम पर पहले से भी आपराधिक मुकदमें दर्ज है। पुलिस अभियुक्तों पर कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। पुलिस उपायुक्त उत्त्तरी ने गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

