home page

विवादों की आड़ में उगाही करने का वाले गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
विवादों की आड़ में उगाही करने का वाले गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार


बिजनौर, 7 सितम्बर (हि.स.)। कोतवाली बिजनौर शहर पुलिस ने विवादों और आपसी रंजिश की आड़ में लोगों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह का मुख्य संचालक जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा है, जो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों से धनराशि ऐंठने का काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को काजीपाड़ा उत्तर कसौली निवासी मोहम्मद एहसान ने कोतवाली शहर में तहरीर दी थी। मामले में जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके अलावा नूरपुर थाने में भी संबंधित आरोपितों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत है।

सात सितंबर को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजाल, गुड्डी, कुंती और प्रीति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की विवेचना में सामने आया कि मुख्य आरोपित जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा गिरोह का संचालन करता था। गिरोह के सदस्य विभिन्न लोगों के आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य मुकदमों की जानकारी जुटाकर उन्हें अपने प्रभाव में लेते थे। इसके बाद विवादों का निपटारा कराने के नाम पर डरा-धमकाकर धनराशि अथवा अन्य अनुचित लाभ की मांग की जाती थी।

मांग पूरी न होने या शर्तें स्वीकार नहीं करने पर गिरोह से संबंधित महिलाओं और अन्य सहयोगियों के माध्यम से अलग-अलग थानों व जनपदों में गंभीर प्रकृति के अभियोग दर्ज कराने की धमकी दी जाती थी। पुलिस के अनुसार इस तरह लोगों पर दबाव बनाकर आर्थिक लाभ हासिल किया जाता था। विवेचना के दौरान गिरोह के खिलाफ बिजनौर समेत विभिन्न जनपदों में कई अभियोग और विवाद पंजीकृत होने की जानकारी भी सामने आई है। --------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र