home page

अमेठी में निर्माण स्थल पर फायरिंग, बाल-बाल बचा ठेकेदार

 | 
अमेठी में निर्माण स्थल पर फायरिंग, बाल-बाल बचा ठेकेदार


अमेठी, 25 फरवरी (हि.स.)। अमेठी तहसील अंतर्गत विकास खंड भेंटुआ क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माण कार्य के दौरान एक युवक ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए कथित तौर पर फायरिंग कर दी। घटना में ठेकेदार बाल-बाल बच गया।सूचना पाकर माैके पर पहुंची काेतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

कोतवाल रवि कुमार सिंह ने बताया कि, ग्राम पिंडोरिया निवासी प्रदीप कुमार सिंह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, भेंटुआ चौराहा परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण का कार्य करा रहे थे। तभी गांव पूरे गौरी मिश्र अरसहनी निवासी संदीप मिश्र वहां पहुंच गया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए काम में बाधा डालने लगा।

आरोप है कि मौके पर मौजूद रामरूची शुक्ल ने बीच-बचाव करने पर आरोपित ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद ठेकेदार पर तमंचे से दो राउंड फायर कर दिए। किसी तरह जान बचाकर ठेकेदार मौके से हट गया। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद आरोपित तमंचा लहराते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

कोतवाली ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही साथ आरोपित की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी