सपा के पूर्व विधायक सुनील भार्गव समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज
लखीमपुर खीरी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मितौली ब्लॉक के सामने विधान परिषद स्नातक निर्वाचन के दौरान हुए विवाद और हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मितौली कोतवली पुलिस ने स्थानीय निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला समेत नौ लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ मितौली यादवेन्द्र ने बताया कि चुरईपुरवा निवासी अमर अली की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि 23 अक्टूबर काे मितौली ब्लॉक के सामने सड़क पर पूर्व विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला अपने साथियों के साथ पहुंचे और वहां विवाद की स्थिति पैदा की। इस दौरान जब विरोध किया गया, तो आरोपिताें ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके भाग गए।
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पूर्व विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला के साथ-साथ राम खेलवन उर्फ छोटे, विभु बाजपेई, रजनीश श्रीवास्तव, धर्मपाल राज, सोनू, शैलेश, मुदीत और सलाहपुर के प्रधान रमेश कुमार को नामजद किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और इसकी विवेचना से संबंधित विवरण सीसीटीएनएस पर भी दर्ज कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को जिले में विधान परिषद स्नातक निर्वाचन को लेकर विभिन्न मतदान केंद्रों पर राजनीतिक दलों के समर्थकों की सक्रियता के बीच मितौली क्षेत्र में गहमागहमी और विवाद की स्थिति सामने आई थी। सीओ मितौली यादवेन्द्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

