home page

किसान की हत्या में भाई, दो भतीजे समेत चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
किसान की हत्या में भाई, दो भतीजे समेत चार आरोपित गिरफ्तार


मुरादाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित हिमगिरी कॉलोनी के पास मंगलवार शाम को खेत में गेहूं की कटाई कर रहे किसान सुरेश की हत्या में थाना पुलिस लाइन टीम ने घटना के 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए मृतक के आरोपित भाई, दो भतीजे समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया। आरोपितों के पास से एक लाठी, एक लोहे का पाइप और एक दरांती बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि आदर्श कॉलोनी निवासी किसान सुरेश (55) ने अपना मकान हरथला हड्डी मिल के पास बना लिया और परिवार के साथ रहने लगा। उसका छोटा भाई विजय अपने परिवार के साथ आदर्श कॉलोनी में ही रह रहा था। दोनों भाईयों के बीच फकीरपुरा चौकी के सामने हिमगिरी में स्थित जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उस जमीन पर सुरेश ने इस बार गेहूं की फसल को बोया था। बीती मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे सुरेश अपनी पत्नी अनीता (47) और सास मैनादेवी (70) के साथ गेहूं की कटाई कर रहा था। आरोप है कि भाई विजय अपने बेटे रंजीत व सुरजीत, पत्नी मंजू रिश्तेदार सुभाष और सुंदरलाल समेत अन्य लाेगाें के साथ मिलकर सुरेश पर हमला कर दिया। सुरेश की पत्नी अनीता और सास मैनादेवी उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियोतों ने उन दोनों को घायल कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस टीम ने घटना के 24 घंटे के अंदर विजय उसके बेटे रंजीत,सुरजीत के अलावा दाे सुभाष और सुंदरलाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल