home page

फैक्ट्री मालिक से 12 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार

 | 
फैक्ट्री मालिक से 12 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार


हाथरस, 19 मार्च (हि.स.)। हाथरस गेट थाना की पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपित काे गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। उसके एक साथी ने पहले ही पुलिस काे आत्मसमर्पण कर दिया था। मुख्य आरोपित ने अपने साथी के साथ मिलकर फैक्ट्री मालिक से रंगादारी मांगी थी।

अपर पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामानंद कुशवाहा ने गुरुवार को बताया कि हाथरस निवासी राहुल वार्ष्णेय ने 11 मार्च को हाथरस गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम टिपरस से नगला चौखा जाने वाले रास्ते पर खरबूजा बीज मगज की फैक्ट्री है। 11 मार्च की शाम 4:45 बजे जब मालिक फैक्ट्री में थे, तभी नगला अलिया निवासी रामू ने अपने साथी के साथ मिलकर फैक्ट्री मालिक से 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त रामू उर्फ भूपेंद्र को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर बताया कि उसने अपने सह-अभियुक्त के साथ मिलकर राहुल वार्ष्णेय से 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। घटना से लगभग 15 दिन पहले उसने फैक्ट्री मालिक को धमकाकर 20 हजार रुपये की रंगदारी वसूली थी। यह रकम उन्होंने आपस में 10-10 हजार रुपये बांट ली थी।

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त रामू उर्फ भूपेंद्र एक शातिर अपराधी है और पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हाथरस में मारपीट, आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास और बंधक बनाने जैसी गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। इस मामले में नामजद अन्य अभियुक्त नगला चौखा निवासी राजकुमार ने 13 मार्च को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना