home page

झांसी : प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह हत्याकांड का इनामिया मुख्य शूटर मुठभेड़ में घायल, साथी फरार

 | 
झांसी : प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह हत्याकांड का इनामिया मुख्य शूटर मुठभेड़ में घायल, साथी फरार


झांसी : प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह हत्याकांड का इनामिया मुख्य शूटर मुठभेड़ में घायल, साथी फरार


झांसी, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सात दिन पहले इलाईट चौराहे के समीप स्थित 'द मेड किचिन' रेस्टोरेंट में प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य शूटर 25 हजार रुपये के इनामी हुसैन उर्फ खड्डा को नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हुसैन के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका साथी जितेंद्र उर्फ जीतू यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार गुरसराय के हैवतपुरा निवासी संजय सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करते थे। इस व्यवसाय में धर्मेंद्र परिहार और अजय यादव भी उनके साथ जुड़े थे। संपत्ति के लेन-देन को लेकर संजय सिंह का धर्मेंद्र और अजय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने कथित रूप से जितेंद्र उर्फ जीतू, अजीम उर्फ शैफी और हुसैन उर्फ खड्डा को 50 हजार रुपये की सुपारी देकर संजय सिंह की हत्या की साजिश रची।

23 जुलाई 2026 की रात करीब नौ बजे संजय सिंह अपने साथियों के साथ 'द मेड किचिन' रेस्टोरेंट में भोजन कर रहे थे। तभी बदमाश वहां पहुंचे और उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। संजय की मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने तीन विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटना के 72 घंटे के भीतर तीन आरोपिताें को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था, जबकि हुसैन उर्फ खड्डा और जितेंद्र उर्फ जीतू फरार चल रहे थे। फरार हुसैन पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

गुरुवार तड़के नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मुस्तरा स्टेशन रोड स्थित जेडीए कॉलोनी के पास मौजूद हैं। पुलिस के पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली हुसैन उर्फ खड्डा के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसने संजय सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटर होने की बात स्वीकार करते हुए अपनी पहचान सिद्धेश्वर नगर आईटीआई निवासी हुसैन उर्फ खड्डा के रूप में बताई।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रीति सिंह मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपित जितेंद्र उर्फ जीतू यादव की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया