पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार
बिजनौर, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद बिजनौर के थाना नजीबाबाद क्षेत्र में पुलिस और गोकशों के बीच रविवार देर रात मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली से बदमाश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने सोमवार को बताया कि सात जुलाई की रात ग्राम सरवनपुर से गाय और बछिया चोरी कर उनका वध किए जाने के मामले में पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश कर रही थी। रविवार देर रात सूचना पर पुलिस ने ग्राम लुकादड़ी स्थित गंगनहर की पटरी पर चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बाइक सवार बदमाश रुकने की बजाए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली बदमाश के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान अकबराबाद गांव निवासी अब्बास उर्फ डोला के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी शाहरुख उर्फ पटमल मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में अब्बास ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर आवारा गोवंश को पकड़कर सुनसान स्थानों पर उनका वध करता था। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस, गोकशी के उपकरण, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी नजीबाबाद भेजा गया है। वहीं, फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

