बागपत: दोहरे हत्याकांड में शामिल 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार
बागपत, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने मंगलवार काे यह बताया कि कस्बा बड़ौत निवासी राजेश कुमार ने तहरीर देकर बताया कि वरुण लुहारी और उसके साथियों ने एक राय होकर उनके परिवार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस हमले में उनके भाई सोहनलाल और भतीजे विकास अग्रवाल को गोली लगी थी। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के संबंध में राजेश कुमार की ओर से थाना बड़ौत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की 10 टीमें आरोपितों की तलाश के लिए लगाई गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हरियाणा के मंडौली कलां निवासी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपित के पास से तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। ------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

