home page

अंतरराज्यीय लुटेरे गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार

 | 
अंतरराज्यीय लुटेरे गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार


लखनऊ, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर की थाना पुलिस व सर्विलांस (दक्षिणी) की टीम ने शनिवार की देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया हैं।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि डिप्टी खेड़ा नियर कुन्दन विहार निवासी रामबाबू ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वहीं, एक महिला से भी चेन लूट का मुकदमा दर्ज किया है। अभियोगों के सफल अनावरण के लिए चार टीमें गठित की गयीं थी। इस दौरान दो सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की चेकिंग की गयी।

शनिवार देर रात पुलिस अपराध एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मानसनगर रोड स्थित आशाराम बापू आश्रम के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। भागते समय वह लडखड़ा कर गिर गए। पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इस पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायर किया, जिससे दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्तों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त की पहचान दिल्ली निवासी रोहन उर्फ गुड्डू और साहिल के रूप में हुई हैं। रोहन पर 20 और साहिल के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक