फिरोजाबाद : मुठभेड़ में एलटी एवं 11 केवी विद्युत लाइन तार चोरी करने वाला गिरफ्तार, गोली लगी
फिरोजाबाद, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना नारखी पुलिस एवं एसओजी टीम ने रविवार देर रात्रि एलटी एवं 11 केवी विद्युत लाइन के तार चोरी करने की घटनाओं में वांछित हिस्ट्रशीटर अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने साेमवार काे बताया कि थाना नारखी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम शाहपुर में 25 अगस्त को निजी नलकूप की एलटी लाइन से अज्ञात चोरों द्वारा विद्युत तार चोरी करने, 27 अगस्त की रात्रि ग्राम गढ़ी अफो में एलटी लाइन से विद्युत तार चोरी करने तथा 17 सितंबर को नारखी-कोटला रोड़ पर स्थापित 11 केवी विद्युत लाइन के तार अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लेने के संबंध में थाना नारखी पर दो मुकदमे दर्ज हुए। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना नारखी एवं एसओजी सहित 03 पुलिस टीमों का गठन किया गया।
इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक थाना नारखी संजय कुमार पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ रविवार को विद्युत लाइनों से तार चोरी करने वाले वांछित 05 अभियुक्तों कृष्ण कान्त उर्फ लटूरी पुत्र मुकेश निवासी मौहम्मदी थाना रजावली, शंकर पुत्र कप्तान सिह निवासी गढी वैशाल थाना रजावली, छोटे उर्फ छोटू पुत्र सूबेदार निवासी पर्तापुर चौराहा जैन भट्टा के सामने रैनबो स्कूल वाली गली थाना शिकोहाबाद, राजा पुत्र राजेन्द्र निवासी जौंधरी थाना नारखी जनपद फिरोजाबाद व स्वरुपचंद पुत्र बाबूलाल निवासी सुहाग नगर माता वाली गली थाना दक्षिण फिरोजाबाद को 02 बंडल विद्युत तार (एलुमिनियम) व घटना में प्रयुक्त 01 मैक्स पिकअप गाडी सहित गिरफ्तार किया था। जबकि एक अभियुक्त मौके से फरार हो गया जिसका नाम मानवेन्द्र उर्फ मोनू पुत्र रघुराज सिंह निवासी जरौली कला थाना टूण्डला गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया था।
उन्होंने बताया कि थाना नाऱखी पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा फरार अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। रविवार की देर रात्रि में पुलिस टीम को सूचना मिली कि विद्युत तार चोरी की घटनाओं में फरार मुख्य अभियुक्त मानवेन्द्र उर्फ मोनू टूण्डला से जौंधरी की और बेचे गये तार के रुपयों को लेने के लिये मोटर साइकिल से जा रहा है। सूचना पर थाना नारखी पुलिस एवं एसओजी टीम ने बैंदी की पुलिया के पास अभियुक्त की घेराबंदी की तो अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगी। जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम मानवेन्द्र उर्फ मोनू पुत्र रघुराज सिंह निवासी जरौली कला थाना टूण्डला जनपद फिरोजाबाद बताया है। अभियुक्त के कब्जे से विद्युत तार चोरी करने के दौरान प्रयुक्त 01 तार कटर, 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस 315 बोर, 03 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 मोटर साइकिल, चोरी के विद्युत तार बेचकर प्राप्त 5,200 रुपए बरामद हुए हैं। सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त मानवेन्द्र उर्फ मोनू को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

