कानपुर में मकान के विवाद में बड़े भाई की ईंट से कुचलकर हत्या, खाली प्लाट में मिला शव
कानपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में हनुमंत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को संजय गांधी नगर में मकान के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोस के खाली प्लाट में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि छोटे भाई ने बड़े भाई की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी और शव को प्लाट में फेंककर फरार हो गया।
मृतक की पहचान आनंद सिंह उर्फ रगड़ू (40) के रूप में हुई है। उनका अपने छोटे भाई प्रियम सिंह से मकान को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इससे पहले भी दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हुआ था, जिस पर पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई की थी।
आरोप है कि देर रात नशे की हालत में दोनों भाइयों के बीच फिर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और इसी दौरान छोटे भाई ने ईंट से हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी। इसके बाद शव को पड़ोस में स्थित सचिन कुमार पाल के खाली प्लाट में फेंक दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वारदात के दौरान प्रियम की पत्नी रानी और बेटी शीतल की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने तीनों पर आनंद के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी बंद कर दिया गया था।
सुबह खाली प्लाट में शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने प्रियम की पत्नी और नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि मुख्य आरोपित फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी झगड़ा होने पर पुलिस की ओर से निरोधात्मक कार्रवाई की गई थी। रविवार देर रात दोबारा विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या की घटना सामने आई। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

