home page

नशे के कारोबारी हिस्ट्रीशीटर को कोडीन कफ सिरप के साथ बहराइच पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
नशे के कारोबारी हिस्ट्रीशीटर को कोडीन कफ सिरप के साथ बहराइच पुलिस ने किया गिरफ्तार


बहराइच, 22 मई (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शुक्रवार दोपहर रुपईडीहा में औषधि विभाग एवं पुलिस पार्टी की संयुक्त कार्यवाही में एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर नशे का कारोबार करता था। उसके पास से 15 शीशी कोडीन कफ सिरप बरामद हुई है।

पुलिस ने इसे नेपाल रोड स्थित केवलपुर इलाके के राणा पेट्रोल पंप के निकट कोल्डड्रिंक की शॉप से पकड़ा है। आरोप है कि इस शॉप की आड़ में काफी समय से नशीली कफ सीरप का विक्रय किया जा रहा था। शिकायत पर औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण और थानाध्यक्ष रुपईडीहा पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को छापेमारी की।

इस दौरान पुलिस ने शॉप के प्रोपराइटर ओमप्रकाश सोनी को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 15 शीशी कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपित बिना लाइसेंस के प्रतिबंधित कफ सिरप का कारोबार कर रहा था। थानाध्यक्ष रुपईडीहा रमेश रावत ने बताया कि आरोपित कोल्डड्रिंक के शॉप की आड़ में नशीली कफ सिरप का विक्रय करता था। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। मामले में 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा औषधि अधिनियम 1940 की धारा में 27 B 2 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपित हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर और एससी एसटी एक्ट सहित अन्य गम्भीर आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA