बहन के लिए अपमानजनक शब्द कहने पर हुआ था दोहरा हत्याकांड, पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपित को किया गिरफ्तार
नोएडा, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के निर्माणाधीन एक हॉस्टल में शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित बदमाश को थाना पुलिस ने शनिवार को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि उसकी बहन के प्रति मृतकों में से एक ने अपमानजनक शब्द कहा था। इसके बाद उसने यह कदम उठाया।
पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन एक हॉस्टल में माली का काम करने आए शीशपाल (25) तथा इंद्रपाल (50) की फावड़ा से काटकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि उनके साथ अभिषेक (14) नामक युवक भी काम करने आया था। वह घटना के समय से फरार था।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि अभिषेक ने दोनों की फावड़े से काटकर हत्या की और मौके से भाग गया। डीसीपी ने बताया कि अभिषेक की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी थीं। आज सुबह पुलिस को पता चला कि वह रेलवे लाइन के पास भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख आरोपित ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
पुलिस उपायुक्त ने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अभिषेक के दाहिने पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा, कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतक शीशपाल ने उसकी बहन के लिए कुछ अपशब्द कह दिया था। उसकी नाबालिक बहन से मृतक शीशपाल के अवैध संबंध थे। वर्ष 2023 में उसकी बहन की किसी वजह से मौत हो गई थी। घटना वाले दिन मदिरा पीने के बाद शीशपाल ने शराब के नशे में उसकी बहन के लिए काफी अपमानजनक व अश्लील बातें कहीं। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि तीनों तीन पव्वा शराब खरीद कर लाए थे। अभिषेक ने अपमान का बदला लेने के लिए मदिरा कम पिया तथा दोनों को ज्यादा पिलाया। जब दोनों मदिरा पीकर बेहोश होकर सो गए तो उसने फावड़ा से शीशपाल के ऊपर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसी बीच इंद्रपाल जग गया तो उसने उसके ऊपर भी हमला कर उसकी भी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

