home page

मऊ : युवक का सिर व अलग धड़ का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
मऊ : युवक का सिर व अलग धड़ का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस


मऊ, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में घोसी थाना क्षेत्र के लाखीपुर फोरलेन के किनारे मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला। मृतक का सिर और धड़ अलग थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, लाखीपुर फोरलेन के पास से गुजरने वाले राहगीरो ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे राहगीरों की नजर सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े एक शव पर पड़ी। शव का जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इस सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

घोसी थाना प्रभारी रवींद्रनाथ राय ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। वह जींस और टी-शर्ट पहने था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी पहचान कराने का प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को फोरलेन किनारे फेंका गया हो। हालांकि इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र