फिरोजाबाद : लापता बालक का शव खेत में मिला, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना नारखी क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को एक लापता बालक का शव बाजरा के खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में झटका मशीन से करंट लगने की बात सामने आ रही है।
थाना नारखी क्षेत्र के गांव खगरई निवासी जयवीर सिंह का बेटा पंकज (12) शनिवार रात से अचानक घर से गायब हो गया। देर रात तक जब बच्चा वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन रातभर बालक पंकज की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार को पंकज का शव बाजरा के खेत में ग्रामीण ने पड़ा देखा तो वह हैरान रह गए। मौके पर परिजन भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर परिजनों ने हत्या करके शव खेत में फेंकने का आरोप लगाया है।
सूचना पर सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। पुलिस की शुरुआती जांच में खेत पर लगी झटका मशीन से बालक पंकज को करंट लगने की बात सामने आई है।
सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि शव को मोर्चरी भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

