home page

पुलिस ने लौटवाए साइबर फ्रॉड की शिकार हुई पीड़िता के 13 लाख, चेहरे पर आई खुशी

 | 
पुलिस ने लौटवाए साइबर फ्रॉड की शिकार हुई पीड़िता के 13 लाख, चेहरे पर आई खुशी


फिरोजाबाद, 20 सितंबर (हि.स.)। साइबर सेल पुलिस टीम ने रविवार को त्वरित कार्यवाही करते हुए साइबर फ्रॉड का शिकार हुई पीड़िता की 13 लाख रुपये की संपूर्ण धनराशि वापस करायी है। इतनी बड़ी धनराशि वापस पाकर पीड़िता के चेहरे पर खुशी आ गई।

पीड़िता सुनीता देवी ने 18 सितंबर को साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 13 लाख रुपये की धनराशि की धोखाधड़ी किए जाने की सूचना दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शिकायत प्राप्त होते ही फिरोजाबाद साइबर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंक, वित्तीय संस्था से समन्वय स्थापित किया गया। साइबर सेल टीम ने ठगी की धनराशि को होल्ड, रिवर्स कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

साइबर सेल पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं संबंधित बैंक के समन्वय से 13,00,000 रुपये की संपूर्ण धनराशि रिफंड कराकर पीड़िता सुनीता देवी को वापस दिलाई गई है। पुलिस के अनुसार बैंक द्वारा धनराशि के रिवर्स एवं रिफंड किए जाने की पुष्टि की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़