home page

बागपत में साइबर ठगी करने वाले 8 आरोपित गिरफ्तार

 | 
बागपत में साइबर ठगी करने वाले 8 आरोपित गिरफ्तार


बागपत, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शनिवार को 8 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इन ठगों पर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हथियार, मोबाइल फोन, लैपटॉप और सिम कार्ड समेत कई सामान बरामद किए हैं। ये सभी अलग अलग जनपद के रहने वाले हैं।

पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान ने प्रेस कॉन्फेंस कर साइबर ठगों की गिरफ्तारी मामले में खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जिले के बली निवासी संदीप अग्रवाल पुत्र दुलीचंद ने साइबर पुलिस को शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि जस्ट डायल (Justdial) के माध्यम से सामान दिलाने का झांसा देकर उनसे 2,15,100 रुपये की ठगी की गई है। मामले की जांच पड़ताल की गई। इस मामले में पुलिस ने आदित्य पुत्र नागेंद्र (थाना जलालाबाद, शाहजहांपुर, बीएससी द्वितीय वर्ष), उत्कर्ष पुत्र उदयवीर (फर्रुखाबाद, एमबीए द्वितीय वर्ष), अंकुर पुत्र ईतेदर (फर्रुखाबाद, एमबीए प्रथम वर्ष) और आकाश सिंह पुत्र पुष्पेंद्र (फर्रुखाबाद) को गिरफ्तार किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि

इसके अलावा पुलिस ने अश्वनी पुत्र प्रमोद (शाहजहांपुर, बीबीए प्रथम वर्ष), आयुष पुत्र संजय (बस्ती, बीसीए पास), अतुल पुत्र उदय (अयोध्या, एमबीए प्रथम वर्ष) और सुमित पुत्र उमेश (सीतापुर, बीबीए पास) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अश्वनी इस गिरोह का सरगना है, जो सभी आरोपितों को साइबर ठगी की ट्रेनिंग देता था।

गिरफ्तार आरोपितों में एमबीए, बीबीए के छात्र शामिल

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपित पढ़े-लिखे छात्र हैं, जो एमबीए और बीबीए की पढ़ाई कर रहे हैं। आरोपित अलग-अलग जनपद के होने के बाद भी एक साथ कैसे आए इसकी भी जांच चल रही है।

आरोपितों पर 20 मुकदमें दर्ज

एएसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपितों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने अलग-अलग मामलों में एक करोड़ रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। इनके पास से एक तमंचा, एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक कार, 11 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, एक टैबलेट और 2 डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।

वहीं एसपी सूरज कुमार राय ने साइबर ठगी का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी