home page

वाट्सएप्प ग्रुपों में क्यूआर कोड भेजकर करता था साइबर ठगी, शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
वाट्सएप्प ग्रुपों में क्यूआर कोड भेजकर करता था साइबर ठगी, शातिर अभियुक्त गिरफ्तार


फिरोजाबाद, 31 मई (हि.स.)। जिले की साइबर क्राइम व थाना उत्तर पुलिस टीम ने रविवार को वाट्सएप्प ग्रुपों में क्यूआर कोड भेजकर साइबर ठगी करने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त लोगों को लॉटरी व अन्य लालच देकर भी साइबर ठगी करता था। पुलिस ने कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी मनोज यादव व उत्तर थाना प्रभारी अंजीश कुमार ने पुलिस टीम के साथ रविवार को अभियुक्त जैन नगर निवासी

आशु पाठक को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से लैपटाप, 03 मोबाइल फोन, 04 एटीएम कार्ड विभिन्न बैंको के, 03 बैंक पासबुक विभिन्न बैंको व मोटर साइकिल की आरसी पेपर बरामद हुए है।

एएसपी ने बताया कि अभियुक्त पिछले दो वर्ष से अनजाने वाट्सएप्प ग्रुपों में जुड़कर अपना और अपने भाई विशाल पाठक तथा अपनी दोस्त का क्यूआर कोड भेजकर साइबर ठगी करता था। उन्हीं ग्रुपों में से मोबाइल नंबरों को प्राप्त कर वाट्सएप्प कॉल करके लॉटरी लगने के नाम पर लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करके अपने व अपने भाई तथा अपनी दोस्त के खाते में रूपये ट्रांसफर करा लेता था। जिसके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यो में कुल 08 शिकायतें आनलाइन दर्ज हुई है। जिसमें लाखों रूपये का साइबर फ्राड का होना पाया गया था।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़