पुलिस ने पकड़ी तीन करोड़ की चरस, बिहार का अन्तर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 25 जुलाई (हि.स.)। थाना मक्खनपुर पुलिस टीम ने शनिवार को अन्तर्राज्यीय चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके कब्जे से करीब 03 करोड़ की चरस बरामद की है। गिरफ्तार तस्कर नेपाल व बिहार के रास्ते सस्ते रेट में चरस खरीदकर 4-5 गुना मंहगे रेट पर बेचता था।
अपर पुलिस अधीक्षक अपराध राकेश गुनावत ने बताया कि जनपद में अवैध गांजा व चरस की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के क्रम में थाना मक्खनपुर प्रभारी चमन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ शनिवार को क्षेत्र में गश्त कर थे तभी उन्होंने सूचना पर एसओजी टीम के साथ अभियुक्त विजय पुत्र रामाधार निवासी ग्राम गोनाहा चैनपुर थाना रक्सौल जनपद मोतीहारी बिहार को कब्रिस्तान के बगल में स्थित खोखा के पास बिल्टीगढ रोड मक्खनपुर से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 13.198 किलोग्राम अवैध चरस, 01 मोबाइल व 1200 रुपये नकद बरामद किये है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त कब्जे से बरामद चरस की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 03 करोड़ रूपये है। वह तस्कर है जो कि नेपाल व बिहार के रास्ते सस्ते रेट में चरस खरीदकर 4-5 गुना मंहगे रेट पर बेचता था।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

