लखनऊ में चिकित्सक से चेन स्नेचिंग, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोर में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक चिकित्सक के साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर बाइक सवार लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकीपुरम सेक्टर जे में रहने वाले डाॅ. पवन कपूर रोजाना की तरह शुक्रवार को भोर में घर से निकलकर जनता इंटर कॉलेज के पास टहल रहे थे। इसी दौरान एक दोपहिया वाहन पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए। चाेर हेलमेट पहन रखे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आस-पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का भी गहन परीक्षण किया।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त वाहन एवं अभियुक्तों की पहचान के लिए आस-पास के मार्गों के अन्य सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है। शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

