बिजनाैर में भाई दूज पर आई महिला से बस स्टैंड पर साेने की चेन छिन गयी
बिजनौर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर में भैया दूज के पर्व पर अपने भाई से मिलकर लौट रही महिला के साथ चेन छीनने की घटना हो गई। रोडवेज बस स्टैंड पर अज्ञात व्यक्ति महिला के गले से लगभग डेढ़ तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धामपुर निवासी ममता भैया दूज के अवसर पर चांदपुर के मोहल्ला चिम्मन में अपने भाई राकेश कुमार के घर आई थीं। पर्व की रस्म पूरी करने के बाद वह बुधवार को धामपुर जाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड पहुंचीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और वहां से भाग निकला। अचानक हुई इस घटना से महिला परेशान हो गई। उन्होंने अपने भाई को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद राकेश कुमार बहन के साथ अम्बेडकर चौकी पहुंचे और थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर पंवार को लिखित शिकायत देकर घटना की जानकारी दी। राकेश कुमार ने पुलिस से चेन छीनने वाले अज्ञात व्यक्ति का पता लगाकर घटना का जल्द खुलासा करने तथा कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

