home page

पुलिस ने पकड़े दो साइबर ठग, करोड़ों की ठगी का खुलासा

 | 
पुलिस ने पकड़े दो साइबर ठग, करोड़ों की ठगी का खुलासा


फिरोजाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। जनपद में 'साइबर वज्र' अभियान के तहत दो थानों की पुलिस ने बुधवार को अलग-अलग मामलों में दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपिताें के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश गुनावत ने बताया कि थाना रसूलपुर पुलिस ने अन्तरराज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग के सदस्य जुबैर खान (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल, चार बैंक पासबुक, तीन एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा 5,123 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपित ने डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और पेपर ट्रेडिंग जैसे साइबर अपराधों के माध्यम से प्राप्त करीब 19 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में प्राप्त किए थे। जुबैर के खिलाफ तमिलनाडु, तेलंगाना और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में साइबर फ्रॉड से संबंधित 12 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें लगभग 11 करोड़ रुपये की ठगी का उल्लेख है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बैंक के खातों में करीब 14 लाख रुपये भी होल्ड कराए है। गिरोह के अन्य चार सदस्य सैफ अली, मोहम्मद जैद, मौरिस और मोहम्मद हसन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

वहीं थाना अरांव पुलिस ने जोगेन्द्र बाबू उर्फ योगेन्द्र को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल बरामद हुआ है। आरोपित के खाते में डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और पेपर ट्रेडिंग के जरिए ठगी की गई 22 हजार रुपये की रकम आई थी। इस मामले में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर 22 हजार रुपये की धनराशि बैंक, अरांव में होल्ड करा दी है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध कार्यवाही कर इन्हें जेल भेजा है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़