बदायूं में नानी-नाती की हत्या, बिस्तर पर मिले शव
बदायूं , 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बिनावर थानाक्षेत्र स्थित कान्हा नगला गांव में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में नानी-नाती का शव बिस्तर पर पड़ा मिला है। सूचना पाकर पुलिस के तमाम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की प्रथमदृष्टतया जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
कान्हा नगला गांव निवासी नियाज बानो (50) और उनके नाती अदनान (8) का शव बिस्तर पड़ा था। मां नियाजबानाे के साथ रह रही बेटी हिना आज सुबह जब चाय देने के लिए कमरे में पहुंची तो बिस्तर पर मां और बेटे की लाश देखकर उसकी चीख निकल गई। रोने-पीटने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग एकत्र हो गये। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दोनों के गले पर निशान थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि आज एक अधेड़ महिला और उसके नाती का शव बिस्तर पर पड़ा मिला है। मृतकों की पहचान कर ली गई है। देखकर यह प्रतीत हो रहा है कि हत्या का प्रकरण है। घर का सामान भी वैसा है जैसा पहले था। लूट की घटना सामने नहीं आयी है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

