home page

मथुरा में गड़ासे से काटकर भाई की हत्या, आरोपित पत्नी संग फरार

 | 
मथुरा में गड़ासे से काटकर भाई की हत्या, आरोपित पत्नी संग फरार


मथुरा, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र स्थित गांव एहमल में मंगलवार की रात बड़े भाई ने झगड़े में गड़ासे से हमला कर छोटे भाई की हत्या कर दी। बीच-बचाव में मां लोंगा देवी भी घायल हो गयी। घटना के बाद आरोपित पत्नी संग फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

गोवर्धन क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बुधवार को बताया कि मगोर्रा थाना क्षेत्र के गांव एहमल निवासी निरंजन सिंह और मेघश्याम दोनों सगे भाई थे। दोनों की शादी राजस्थान की रहने वाली दो सगी बहनों के साथ हुई थी। निरंजन की शराब लत से परेशान होकर पत्नी पूजा पिछले एक साल से बेटी को लेकर मायके में रह रही है। मंगलवार रात 10 बजे के आसपास मेघश्याम पत्नी दुर्गेश, बच्चों के साथ खाना खा रहे थे।

इसी दौरान शराब के नशे में आए भाई निरंजन सिंह से उसकी कहासुनी हो गई। इस बीच मेघश्याम की पत्नी दुर्गेश ने कुछ बोल दिया तो झगड़ा और उग्र हो गया। मेघश्याम गड़ासा लाकर और भाई निरंजन पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। मां ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। निरंजन खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख पुकार सुन कर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल निरंजन को अस्पताल पहुंचाया,लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपित मेघश्याम पत्नी दुर्गेश संग घर से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। वहीं, सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में दो टीमें लगाई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार