home page

फर्रुखाबाद: चोरी के मामले में सर्राफा व्यापारी ने नाबालिग भाइयों को बंधक बनाकर पीटा

 | 
फर्रुखाबाद: चोरी के मामले में सर्राफा व्यापारी ने नाबालिग भाइयों को बंधक बनाकर पीटा


फर्रुखाबाद, 08 अगस्त (हि स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में यूनिक ज्वैलर्स के मालिक ने दुकान पर काम करने वाले नाबालिग भाइयों पर चोरी का आरोप लगाए जाने का मामला विवादों में आ गया। बच्चों की मां ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दोनों बेटों को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले का पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

नवदिया निवासी प्रीति देवी पत्नी राजीव नागर ने शनिवार को बताया कि उसके दो नाबालिग बेटे आकाश नागर (16) और आयुष नागर (14) यूनिक ज्वैलर्स की दुकान पर काम करते थे। महिला के अनुसार, दुकान मालिक ने बच्चों पर सामान चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि 5 अगस्त की सुबह आयुष को घर से दुकान पर ले जाया गया और इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश की तो बाद में दूसरे बेटे आकाश को भी अपने कब्जे में लिए जाने की जानकारी हुई।

महिला ने आरोप लगाया कि दोनों बच्चों के साथ मारपीट की गई तथा परिवार पर जमीन का बैनामा कराने का दबाव बनाया गया। पीड़िता ने एसपी से दोनों बच्चों की बरामदगी, चोरी के आरोप की जांच और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि चोरी की घटना सत्य पाई गई है। यदि ज्वैलर्स मालिक द्वारा बच्चों के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar