मुरादाबाद : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
मुरादाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में रविवार रात पुलिस ने 25 हजार के इनामी आरोपित को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित बाइक चोरी के मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र के आजादनगर निवासी सोनू सैनी की बाइक 15 दिन पूर्व 08 नवंबर को दीपावाली वाली की रात्रि इलाके के मऊ क्षेत्र से चोरी हो गई थी। इस मामले में 10 नवंबर को केस दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस मामले में थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी शातिर बदमाश रिहान के घटना में नाम सामने आया। जिसके बाद से पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी गई थी।
रविवार देर रात्रि एक बजे के लगभग थाना सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरीशवर्धन सिंह को सूचना मिली कि शातिर रिहान किसी वारदात को अंजाम देने के फिराक में कांठ रोड की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कांठ रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। उसी दौरान बाइक सवार को आता देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार भागने लगा।
अगवानपुर चौकी क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास पुलिस ने आरोपित को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपित ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी और वहीं गिर गया। पास जाने पर उसकी पहचान शातिर रिहान के रूप में हुई। उसके पास से चोर की बाइक, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपित रिहान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि सिविल लाइंस पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी आरोपित रिहान शातिर बदमाश है। बीते 12 जनवरी 2026 को आरोपित रिहान ने जिगर कालोनी में चाकू से हमला कर कोतवाली क्षेत्र निवासी तुषा रासिद नाम की युवती से मोबाइल फोन लूट लिया था। पकड़े गए आरोपित पर 06 मुकदमें दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

