home page

आठ दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिला, पुलिस जांच में जुटी

 | 
आठ दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिला, पुलिस जांच में जुटी


इटावा, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में इटावा जनपद के बसरेहर थानाक्षेत्र स्थित चकबा खुर्द गांव में आठ दिन से लापता युवक का शव साेमवार काे गांव के बाहर कुएं में पड़ा मिला। परिजनों ने बेटे की हत्या कर शव को कुएं के फेंकने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

चकबा खुर्द गांव में रहने वाले जगराम सिंह यादव ने बताया कि उनका बेटा रजनीश (35) आठ दिन पहले घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला और वापस नहीं लौटा। कई जगहों पर तलाश करने के बावजूद उसका कुछ पता नहीं चला। थाना में बेटे की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। सोमवार को सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ गए थे। खेत पर बने कुएं से बदबू आ रही थी। सबने झांककर देखा तो उसमे शव पड़ा दिखा, यह खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ कुए के पास जुट गई। परिजन भी पहुंच गये। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला,जिसकी पहचान परिजनों ने लापता बेटे रजनीश के रूप में की। पिता ने यह संदेह जताया है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह ने बताया कि लापता युवक रजनीश शव गांव के बाहर खेतों पर बने कुएं में पड़ा मिला है। वह आठ दिन से लापता था, जिसकी गुमशुदगी थाना में दर्ज है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह