बिरयानी की दुकान के फ्रिज में मिला युवक का शव
लखनऊ, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी थानाक्षेत्र में रविवार को एक बिरयानी की दुकान में रखी फ्रिज के अंदर युवक का शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। फारेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि बीकेटी थाना क्षेत्र स्थित जीसीआरजी कॉलेज के सामने एक बिरयानी की दुकान में फ्रीजर के अंदर युवक के शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
मृतक की जेब से प्राप्त आधार कार्ड और सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान किशुनपुर निवासी विजय पाल (38) के रूप में की है। घटना की जानकारी पर दुकान मालिक शनि रावत ने बताया कि उसके पिता की तीन दिन पहले मृत्यु हो गई थी। इसकी वजह से दुकान बंद थी। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई। वहीं, घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी चेक किया जा रहा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

