अयोध्या के भाजपा नेता की लखनऊ में हत्या
लखनऊ, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता को अज्ञात तीन लोगों ने बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। वहीं, भाजपा नेता के साथ मौजूद दोस्त फरार हो गये। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घरवालों ने दोस्तों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया कि शिवम सिंह 25 मई को अपने दोस्त नीलेश, जिशान और एक अन्य के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे। देर रात को शिवम क्लब से बाहर निकले तो बाइक सवार तीन युवकों ने उनसे सिगरेट मांगी, जब शिवम ने देने से मना कर दिया तो उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के हस्ताक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद शिवम अपनी कार से घर जाने लगे तो कठौता झील के पास दोबारा आये बाइक सवार बदमाशों ने उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। कार रोककर शिवम जब उतरे तो युवकों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया इसी बीच शिवम के दोस्त फरार हो गये। गंभीर रूप से घायल शिवम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिवम के भाई सौरभ ने आरोप लगाया कि 26 मई को जानकारी मिली कि भाई अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचित किया। उनका आरोप है कि भाई की हत्या की साजिश में उनके दोस्त भी शामिल है। फिलहाल पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

