लेन-देन विवाद में मारपीट, गर्भस्थ शिशु की मौत, जांच में जुटी पुलिस
बलरामपुर 13 जून (हि.स.)। जनपद के थाना हर्रैया सतघरवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिनुहनी कला में रेहन के रुपये को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। उसमें एक पक्ष ने थाने पर तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि मारपीट में पांच माह की गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई है।
पीड़ित सुरेश यादव पुत्र बाउर ने शनिवार को हर्रैया सतघरवा थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने गांव निवासी ननके पुत्र पारसनाथ से खेत रेहन रखकर धनराशि ली थी, जिसे बाद में गवाहों की मौजूदगी में वापस कर दिया गया था। आरोप है कि रेहन से संबंधित स्टाम्प वापस मांगने पर उसके गायब होने की बात कहकर सादे कागज पर लिखापढ़ी कर दी गई थी। सुरेश यादव के अनुसार शुक्रवार रात ननके और घनश्याम उनके घर पहुंचे तथा पुराना स्टाम्प दिखाकर दोबारा रुपये की मांग करने लगे। विरोध करने पर कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे घर में मौजूद महिला भी घायल हो गई।
मारपीट में पांच माह की गर्भवती रानू को गंभीर चोटें आईं। परिजनों का कहना है कि चोट लगने के कारण गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई और महिला की हालत भी गंभीर हो गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया (श्रावस्ती) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया।
पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। शिशु की मौत का चिकित्सीय जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिला है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है ।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

