पंचायत में कहासुनी पर दामाद ने की सास और साले की हत्या, पत्नी घायल
बरेली, 16 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में सोमवार को पारिवारिक विवाद निपटाने के लिए बुलाई गई पंचायत में दामाद ने चाकू मारकर सास और साले की हत्या कर फरार हाे गया। पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी सिटी ने बताया कि रहपुरा गांव में रहने वाले अफसर खान का पत्नी शायमा से काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को गांव में दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान अफसर खान आपा खो बैठा और चाकू निकालकर सास आसमा और साला आदिल पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी शायमा भी हमले में घायल हो गई। अचानक हुए हमले से पंचायत में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद आसमा और आदिल को मृत घोषित कर दिया। शायमा को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के चलते वारदात होने की बात सामने आई है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

