home page

देवरिया में पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश, एक घायल, चार गोवंश बरामद

 | 
देवरिया में पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश, एक घायल, चार गोवंश बरामद


देवरिया, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बनकटा थाना पुलिस ने गुरुवार को अवगा पोखरे के पास चेकिंग के दौरान गोवंशीय पशुओं से लदा टाटा इंट्रा वाहन पकड़ा। वाहन से चार गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि रोकने का प्रयास करने पर चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। इस दौरान वाहन की टक्कर से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक चार पहिया वाहन में गोवंशीय पशुओं को लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अवगा पोखरे के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान टाटा इंट्रा (नंबर यूपी 61 एटी 7391) को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन लेकर भागने लगा। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की, जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस टीम ने पीछा कर आगे घुमाव के पास वाहन को पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि वाहन में चार गोवंशीय पशु लदे मिले। पूछताछ में चालक ने उन्हें बिहार में वध के लिए ले जाने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बसारिखपुर गांव निवासी अरमान खान (20) पुत्र टुनटुन खान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक चंदन नारायण, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र यादव और कांस्टेबल चंद्रशेखर शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक