महिला ने की खुद को गोली मारकर आत्महत्या
फिरोजाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जसराना थाना क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को एक महिला ने खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है और घटना की जांच में जुट गई है।
थाना जसराना क्षेत्र के गांव अकबरपुर मस्तपुर निवासी सुशीला देवी (37) पत्नी पत्नी भुवनेश कुमार की शुक्रवार को अपने घर पर ही गोली लगने से मौत हो गई। घटना से परिजनों और गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतका के पुत्र ध्रुव कुमार ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पाण्डेय भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतका के पास से एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि महिला ने खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
इस सम्बन्ध में सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पाण्डेय का कहना है महिला के पुत्र ध्रुव द्वारा सूचना दी गई थी कि उनकी मां सुशीला देवी ने गोली मारकर आत्महत्या की है। मौके से तमंचा बरामद हुआ है। घटना की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

