मिट्टी के टीलों के बीच चल रही अवैध शस्त्र फैक्टरी पुलिस ने पकड़ी, दो आरोपित गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना मटसेना पुलिस एवं एसओजी टीम ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई में अवैध शस्त्र फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से बने-अधबने तमंचे, कारतूस एवं शस्त्र बनाने के भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए हैं।
सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि थानाध्यक्ष थाना मटसेना विमलेश कुमार त्रिपाठी व एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी उन्होंने सूचना के आधार पर अगरूपुरा में करकौली पौधशाला के पास मिट्टी के टीलों के बीच संचालित अवैध शस्त्र फैक्टरी पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से अवैध रूप से तमंचे बनाने एवं उनकी मरम्मत करने में संलिप्त 02 आरोपितों चेतराम पुत्र भगवानदास निवासी ग्राम अगरूकापुरा, थाना मटसेना और सूरज पुत्र मुन्नालाल निवासी मुखिया मंदिर वाली गली, आशाबाद, थाना रसूलपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 12 तमंचे (06 तमंचे 12 बोर एवं 06 तमंचे 315 बोर, बने एवं अधबने), खोखा कारतूस 315 बोर, 07 लोहे की नाल 315 बोर, तमंचा बॉडी एवं भारी मात्रा में बने, अधबने तमंचे एवं अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध कार्यवाही कर उन्हें जेल भेजा है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

