home page

मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार, 62 लाख का जेवर बरामद

 | 
मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार, 62 लाख का जेवर बरामद


सोनभद्र, 03 अगस्त (हि.स.)। बभनी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने मुठभेड़ में आभुषणों की लुट में शामिल व 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 62 लाख के जेवर बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया की बभनी थाना में बीते 18 जुलाई को ग्राम चपकी निवासी कुलधीर कुमार ने तहरीर देकर बताया की वह छत्तीसगढ़ के रघुनाथ पुर में लगे साप्ताहिक बाजार से आभुषणों की बिक्री कर अपने बाइक से वापस लौट रहे थे।

बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में बाइक सवार चार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर चाकू से हमला कर सोने-चाँदी के आभूषण एवं लगभग 40 हजार रूपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना बभनी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू किया गया। इस घटना में शामिल दो अभियुक्तों को पुलिस टीम ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि दो अन्य अभियुक्त फरार चल रहे थे। फरार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीती रात एसओजी व बभनी थाना पुलिस टीम अरझट पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मध्य रात्रि 02.22 बजे शीशटोला की ओर से रघुनाथनगर छत्तीसगढ़ की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बदमाश मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे, लेकिन बरसात के कारण सड़क किनारे फिसलकर गिर गए। इसके बाद दोनों झाड़ियों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ न्यूनतम बल का प्रयोग करते हुए की गई जवाबी कार्रवाई में पंकज साह के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी संजय साकेत पुत्र लालजी साकेत, निवासी थाना बरगवां, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही थी।

घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। अभियुक्त के निशानदेही पर लगभग 62 लाख का आभुषण बरामद किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी