मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, गोली लगी
फिरोजाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। मक्खनपुर थाना पुलिस टीम ने शनिवार को मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने बताया कि 20 नवम्बर को थाना मक्खनपुर पर मुकदमा दर्ज हुआ कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ
ग्राम सांती निवासी अजीत ने फोन के माध्यम से रात्रि करीब दाे बजे घर से बाहर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस अभियुक्त की तलाश में जुट गई।
उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ शनिवार को क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त घुनपई अंडरपास के नीचे कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अभियुक्त की घेराबंदी की गई। स्वयं को पुलिस से घिरा देखकर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त अजीत के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस 315 बोर एवं 01 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए।
एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

