मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार, गोली लगी
फिरोजाबाद, 12 सितंबर (हि.स.)। थाना रसूलपुर व एसओजी टीम ने शनिवार को 25 हजार रूपये के इनामी सनी उर्फ सनिया को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि थाना रसूलपुर क्षेत्र अन्तर्गत 31 अगस्त को विक्की रूकवाकर लिफ्ट मांगकर पीछे बैठने के दौरान युवक द्वारा विक्की सवार की जेब काटकर 30,000 रूपये निकालने की घटना कारित हुई थी। पीड़ित विक्की सवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान अभियुक्तगण सनी उर्फ सनिया पुत्र महेन्द्र निवासी माेहल्ला खेमगंज गिहार कालोनी कस्बा व थाना सिरसागंज व कुलदीप पुत्र सतीश निवासी विष्णुपुरा थाना बाह जनपद आगरा के नाम प्रकाश में आये। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ शनिवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने पर संदिग्ध व्यक्ति द्वारा जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की गयी। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा की गयी फायरिंग में संदिग्ध व्यक्ति के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान वांछित इनामी अभियुक्त सनी उर्फ सनिया पुत्र महेन्द्र निवासी माेहल्ला खेमगंज गिहार काॅलोनी कस्बा व थाना सिरसागंज के रुप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा 315 बोर, 03 खोखा कारतूस 315 बोर, 03 जिन्दा कारतूस 315 बोर और 10,520 रूपये नकद बरामद हुए हैं।
सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

