मुठभेड़ में दाे इनामी समेत तीन चोर गिरफ्तार, दो लाेगाें को गोली लगी
फिरोजाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले की नारखी थाना एवं थाना मक्खनपुर और एसओजी टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश सहित कुल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल दो अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि 18 मार्च को थाना नारखी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हरीनगर लदपुरा में अज्ञात अभियुक्तों द्वारा घर ताला तोड़कर चोरी की थी। इसके साथ ही थाना मक्खपुर क्षेत्रान्तर्गत 20 अगस्त को ग्राम राजपुर बलाई में घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की थी। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए एसओजी एवं थाना नारखी एवं थाना मक्खनपुर पुलिस सहित चार टीमों का गठन किया था।
सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के संकलन के आधार पर की गई विवेचना के दौरान चोरी की घटनाओं में तीन अभियुक्तों अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा, मिथुन व अंशू की संलिप्तता प्रकाश में आई। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी थे। वांछित अभियुक्तगण अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा व मिथुन की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
उहोंने बताया कि थानाध्यक्ष नारखी राकेश कुमार गिरी, थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन शर्मा पुलिस टीम के साथ शुक्रवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्तगण चोरी किये गये माल को बेचने के लिये मोटर साइकिल से जा रहे हैं। सूचना पर थाना नारखी एवं थाना मक्खनपुर पुलिस तथा एसओजी टीम ने जलेसर पुल सर्विस रोड पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की तो अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जिन्हे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा व मिथुन वेद प्रकाश बताया है। वहीं अन्य एक अभियुक्त मौके से भागने लगा जिसे भाग पर पकड़ लिया गया। उसने अपना नाम अंशू बताया। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया माल, 02 अवैध तमंचे 315 बोर, 05 जिंदा कारतूस 315 बोर, 03 खोखा कारतूस 315 बोर, चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त 01 मोटर साइकिल, चोरी का माल बेचकर प्राप्त 10,500 रुपये बरामद हुए हैं।
सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्तों अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा व मिथुन को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अभियुक्तगणों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

