home page

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, गोली लगी

 | 
मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, गोली लगी


फिरोजाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। थाना बसई मौहम्मदपुर पुलिस एवं एसओजी टीम ने रविवार देर रात पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले 25 हजार रुपये के इनामिया हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को मुठभेड में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि जनपद में हिस्ट्रीशीटर, लूट, डकैती के अभियुक्तों के सत्यापन के लिए अभियान चल रहा है। इसी के क्रम में 16 जून को पुलिस टीम अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता के सत्यापन के लिए ग्राम माली पट्टी थाना बसई मौहम्मदपर गयी थी तभी पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता व उसके साथियों ने फायरिंग की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू की गई।

थाना प्रभारी बसई मौहम्मदपुर कृष्ण स्वरूप पाल रविवार देर रात पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता पुत्र बनवारी लाल निवासी ग्राम मालीपट्टी थाना बसई मौहम्मदपुर अपने गांव आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगी। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर, जिंदा कारतूस 315 बोर, खोखा कारतूस 315 बोर एवं काले व लाल रंग की बिना नम्बर प्लेट अपाचे मोटर साइकिल बरामद हुई है।

एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त सत्य प्रकाश उर्फ सत्ता को पुलिस अभिरक्षा में प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित था। वह हिस्ट्रीशीटर है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़