home page

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बिहार का टप्पेबाज गिरफ्तार, गोली लगी

 | 
मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बिहार का टप्पेबाज गिरफ्तार, गोली लगी


फिरोजाबाद, 11 जुलाई (हि.स.)। थाना दक्षिण पुलिस टीम ने शनिवार को 25 हजार के इनामिया बिहार के अंतर्राज्यीय टप्पेबाज अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 16 जून को पीड़ित राजीव शर्मा पुत्र शंकर लाल शर्मा के घर 02 अज्ञात व्यक्ति पीतल के बर्तन एवं सोने-चांदी के आभूषण साफ करने का बोलकर घुस आए एवं इसकी मां व पिता से आभूषण लेकर साफ करने का बहाना कर धोखाधड़ी करके आभूषणों को अपने साथ ले गये। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज व मुकदमे की जांच के दौरान 02 अभियुक्तों राजेश पुत्र गोपाल प्रसाद निवासी दाऊदनगर थाना नैनी जिला प्रयागराज व रामबदन उर्फ जादू उर्फ राजेश पुत्र राजेन्द्र शाह निवासी मधुरापुर थाना नारायणपुर जिला भागलपुर राज्य बिहार का नाम प्रकाश में आया। थाना दक्षिण पुलिस ने 4 जुलाई को अभियुक्त राजेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि दूसरे अभियुक्त रामबदन उर्फ जादू उर्फ राजेश की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था।

उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी दक्षिण योगेंद्र पाल सिंह शनिवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त रामबदन उर्फ जादू उर्फ राजेश किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में गोवर्धन की ठार के जंगल में छुपा हुआ है। सूचना पर थाना दक्षिण पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लग गयी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। घायल अभियुक्त के कब्जे से टप्पेबाजी किये गये आभूषणों बेचकर प्राप्त किये गये 7,200 रुपये, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस एवं एक खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।

एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़