home page

मुठभेड़ में दो अन्तरजनपदीय शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, एक को गोली लगी

 | 
मुठभेड़ में दो अन्तरजनपदीय शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, एक को गोली लगी


फिरोजाबाद, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना टूण्डला पुलिस टीम ने गुरुवार को मुठभेड़ में दो अन्तरजनपदीय शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के क्रम में थाना टूंडला प्रभारी बैजनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्तगण पुराना बाईपास रोड, राजा का ताल, गेल गैस के पीछे झाड़ियों में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर ग्राहकों को बुलाकर बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर टूण्डला पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिये। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में एक संदिग्ध व्यक्ति के पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गिर पड़ा।

सीओ ने बताया कि घायल की पहचान थाना टूण्डला के वांछित अंतरजनपदीय वाहन चोर विकास पुत्र मुरलीधर निवासी हुमायूंपुर थाना दक्षिण के रूप में हुई। वहीं दूसरा आरोपित योगेश पुत्र नरेश चन्द्र निवासी सी.एल. जैन के पीछे, हुमायूंपुर थाना दक्षिण को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से फिरोजाबाद व आगरा जनपद से चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें व 01-01 अवैध तमंचा, 03 जिन्दा कारतूस एवं 03 खोखा करतूस बरामद हुए हैं।

सीओ ने बताया कि घायल आरोपित विकास को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़