मासूम की जमीन पर पटककर हत्या, हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगी
फिरोजाबाद, 30 मई (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को विवाहिता से शादी करने की जिद में रिश्ते के देवर ने विवाहिता के मासूम पुत्र की जमीन पर पटककर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना अरांव क्षेत्र अन्तर्गत रहने वाली रति नामक महिला की ससुराल बदायूं जनपद में है। महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है इस कारण महिला कुछ समय से अपने मायके में रह रही है। शनिवार को रति अपने डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत अपने एक रिश्तेदार के यहां आई थी। आरोप है कि तभी महिला के रिश्ते का देवर विराज उर्फ जितेंद्र वहां पहुंच गया और वह बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है जहां उसने जमीन पर पटककर मासूम की हत्या कर दी। घटना के बाद वह बच्चे के शव को नाली में फेंककर फरार हो गया। महिला का आरोप है कि युवक जबरन शादी का दबाव बना रहा था। इसी के चलते उसने उसके बच्चे की हत्या की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ शनिवार रात हत्यारोपी की तलाश में थे तभी सूचना मिली कि बच्चे की हत्या करने वाला विराज उर्फ जितेंद्र भूढ़ा भरथरा मोड़ मैनपुरी रोड़ पर छिपते-छिपाते घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायर किया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान विराज उर्फ जितेन्द्र पुत्र विजेन्द्र पाल निवासी शेखूपुर थाना सिविल लाइन जनपद बदायूं के रुप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर, 02 खोखा, 05 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुए है।
एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त ने बताया है कि वह बच्चे की मां से शादी करना चाहता था लेकिन बच्चे की माँ शादीशुदा होने तथा एक बच्चा होने के कारण शादी से मना कर रही थी इस कारण उसने बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

