मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, गोली लगी
फिरोजाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। थाना लाइनपार पुलिस टीम ने सोमवार को पुलिस बैरियर को ट्रैक्टर से तोड़कर पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपित को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना लाइनपार क्षेत्रान्तर्गत 03 अप्रैल की रात्रि को एक ट्रैक्टर चालक ने थाना लाइनपार पुलिस टीम द्वारा लगाये गये बैरियर को टक्कर मारकर तोड़ दिया और पुलिस कर्मियों को जान से मारने की नीयत से कुचलने की कोशिश की। पुलिस जांच में सीसीटीवी कैमरे चेक किये गये जिसमें ट्रैक्टर चालक की पहचान मोहनलाल पुत्र देवेन्द्र निवासी बारेलाल की ठार गुदाऊ थाना लाइनपार जनपद फिरोजाबाद के रुप में हुई है। वह घटना के बाद से ही फरार था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा नामजद अभियुक्त मोहनलाल की गिरफ्तारी पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी लाइनपार रमित आर्य पुलिस टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र में गश्त पर थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वांछित इनामी मोहन लाल को गुदाऊशाला थाना क्षेत्र लाइनपार से पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर, एक जिन्दा कारतूस 315 बोर और घटना में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर ट्रोली बरामद हुई है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

