मुठभेड़ में छिनैती करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, गोली लगी
फिरोजाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में छिनैती की घटना कारित करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत 10 अप्रैल को एक महिला से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक मोबाइल छीन ले गए थे। इसके साथ ही 11 अप्रैल को थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत एक युवक का तीन मोटरसाइकिल सवार मोबाइल छीन कर ले गए थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा 04 पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी के क्रम में थाना रामगढ़ प्रभारी संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ शनिवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि छिनैती की घटना करने वाले अभियुक्तों में से एक अभियुक्त पंकज पुत्र रामजीलाल निवासी नगला मिर्जा थाना रामगढ़ चनोरा खत्ता घर के पास है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जबाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लग गयी। पुलिस ने अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा करातूस 315 बोर, 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर व घटना में प्रयुक्त 01 मोटर साइकिल व 02 फोन बरामद हुए है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अभियुक्त ने दोनों घटनाओं को कारित करना स्वीकार किया है। इसके अन्य 02 वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है। अभियुक्त के विरूद्ध अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

